सागर के एलिवेटेड कॉरिडोर से व्यक्ति ने झील में लगाई छलांग , बाहर आते ही हाथ जोड़कर बोला – मुझे इंसाफ चाहिए
सागर की लाखा बंजारा झील में रविवार दोपहर एक व्यक्ति द्वारा कॉरिडोर से छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार धरमपुरा निवासी जगदीश सिंह अपनी स्कूटी से कॉरिडोर पहुंचे और किले के सामने वाले हिस्से से झील में छलांग लगा दी।
घटना के दौरान झील में पानी कम होने के कारण वह पूरी तरह डूब नहीं पाए। कॉरिडोर से गुजर रहे लोगों की नजर उन पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शुरुआती सूचना डेड बॉडी मिलने की थी, जिसके बाद कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जब नाव के जरिए व्यक्ति को बाहर निकालने की कोशिश की गई तो उसके शरीर में हलचल दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल उसे चकराघाट फर्श तक लाकर डायल-112 की मदद से अस्पताल भिजवाया।
पीड़ित जगदीश सिंह के अनुसार बड़े बाजार निवासी लवली सरदार और सर्वजीत सरदार द्वारा उनके साथ मारपीट की गई थी, जिसके निशान उनके शरीर पर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी, लेकिन उनकी शिकायत पर समय पर कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि उन्हें लगातार धमकियां भी मिल रही थीं, जिससे परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
तालाब से सुरक्षित निकाले जाने के बाद जगदीश सिंह पुलिस और लोगों के सामने हाथ जोड़कर इंसाफ की गुहार लगाते हुए भी दिखाई दिए।
वहीं कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल ने बताया कि जगदीश सिंह को अस्पताल भेज दिया गया है। जिन लोगों के साथ विवाद की बात सामने आई है उन्हें थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


