3 साल से फरार 3 हजार का इनामी आरोपी दमन-दीव से गिरफ्तार
सागर। हत्या के प्रयास और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के दो मामलों में पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहे 3 हजार रुपये के इनामी आरोपी को राहतगढ़ पुलिस ने दमन-दीव से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचता रहा।
पुलिस के अनुसार, थाना राहतगढ़ के अपराध क्रमांक 791/23 में धारा 306 तथा थाना सानौधा के अपराध क्रमांक 370/2023 में धारा 307 सहित अन्य धाराओं में वांछित आरोपी नारायण उर्फ बब्लू कुर्मी निवासी ग्राम गिरवर, थाना सानौधा पर 3 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
बताया गया कि आरोपी ने सानौधा क्षेत्र में अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला किया था, जिसके बाद हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ। वहीं शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर पत्नी द्वारा फांसी लगाने के मामले में राहतगढ़ थाने में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का प्रकरण दर्ज किया गया था। इसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन और एसडीओपी योगेन्द्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में गठित टीम ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन दमन-दीव में ट्रेस की। पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी में थाना प्रभारी मुकेश सिंह, चौकी प्रभारी सिहोरा उपनिरीक्षक अभिषेक पटैल, प्रधान आरक्षक रणवीर, आरक्षक दिलीप गुर्जर और चन्द्रशेखर यादव की भूमिका रही।
हालांकि, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इलाके में यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि तीन वर्षों तक फरार रहे आरोपी को पकड़ने के लिए इस अवधि में क्या-क्या प्रयास किए गए और वह इतने लंबे समय तक पुलिस की पकड़ से कैसे बचता रहा। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी लगातार स्थान बदल रहा था, जिससे उसकी गिरफ्तारी में समय लगा।


