बढ़ते प्रदूषण के बीच अस्थमा जागरूकता पर आईएमए सागर का रहली में विशेष अभियान
सागर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सागर शाखा एवं स्वास्थ्य विभाग, सागर के संयुक्त तत्वावधान में विश्व अस्थमा दिवस के अवसर पर आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रहली में एक विशेष अस्थमा जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। शिविर का मुख्य उद्देश्य अस्थमा के लक्षणों, उपलब्ध जांचों, उपचार एवं बचाव के उपायों के प्रति जनसामान्य में जागरूकता बढ़ाना था।
इस अवसर पर आईएमए सागर के अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद ने संबोधित करते हुए कहा कि वायु प्रदूषण, धूल एवं वातावरण में उपस्थित हानिकारक कण अस्थमा के मामलों में वृद्धि के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने बताया कि इनहेलर का सही एवं नियमित उपयोग अस्थमा अटैक के खतरे को लगभग 80 प्रतिशत तक कम कर सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समाज में प्रचलित यह धारणा कि इनहेलर की “आदत” पड़ जाती है अथवा यह नुकसानदायक हैं, पूर्णतः भ्रांतिपूर्ण है। वास्तव में इनहेलर सुरक्षित एवं प्रभावी उपचार पद्धति है तथा मुँह से ली जाने वाली दवाओं की तुलना में इसके दुष्प्रभाव भी अत्यंत कम होते हैं।
डॉ. तल्हा साद ने बताया कि सांस लेने में कठिनाई, सीने में जकड़न, लगातार खांसी एवं घरघराहट अस्थमा के प्रमुख लक्षण हैं। उन्होंने जानकारी दी कि विश्वभर में लगभग 262 मिलियन लोग अस्थमा से प्रभावित हैं तथा प्रतिवर्ष 4.5 लाख से अधिक लोगों की मृत्यु इस बीमारी के कारण होती है।
उन्होंने अस्थमा से बचाव हेतु धूल-मिट्टी एवं प्रदूषण से बचने, बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग करने तथा अत्यधिक ठंडी खाद्य एवं पेय पदार्थों से परहेज करने की सलाह दी। जागरूकता शिविर के दौरान उन्होंने इनहेलर एवं नेब्युलाइजर के सही उपयोग का लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी प्रस्तुत किया, जिससे मरीजों एवं आमजन को इनके उचित उपयोग की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले नर्सिंग स्टाफ, ओटी टेक्नीशियन एवं अन्य सहायक कर्मचारियों को आईएमए की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. बसंत नेमा ने उपस्थित सभी अतिथियों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।



