वाहन चेकिंग में लक्जरी कार से 21 किलो चांदी जब्त, दस्तावेजों की जांच जारी
सागर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लक्जरी कार से करीब 20 से 21 किलो चांदी के आभूषण बरामद की है। बताया आज रहा है उक्त आभूषण सुरखी में स्थित इनकी स्वयं की दुकान में ले जाये जा रहे थे बिक्री हेतु, मामले के सामने आने के बाद सराफा कारोबारियों में भी हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना पुलिस पथरिया जाट क्षेत्र में नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान विश्वविद्यालय रोड से सुरखी की ओर जा रही एक संदिग्ध लक्जरी कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार में भारी मात्रा में चांदी रखी मिली, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
मामले की सूचना मिलते ही सागर सराफा एसोसिएशन के सदस्य भी सिविल लाइन थाने पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
थाना प्रभारी ने बताया कि संबंधित व्यक्तियों द्वारा कुछ बिल एवं दस्तावेज प्रस्तुत किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। साथ ही जीएसटी विभाग की टीम को भी बुलाया गया है, ताकि चांदी के परिवहन और दस्तावेजों की वैधता की पुष्टि की जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


