देवास की पटाखा फै्ट्री में भीषण विस्फोट, कई मजदूर हताहत, सीएम ने दिए जांच के आदेश

0

देवास की पटाखा फै्ट्री में भीषण विस्फोट, कई मजदूर हताहत

टोंक कलां इलाके में हादसा, घायलों को इंदौर रेफर; सीएम ने दिए जांच के आदेश

भोपाल। देवास जिले के टोंक कलां क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका दहल उठा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में 8 से 10 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिला प्रशासन ने फिलहाल दो लोगों की मौत की पुष्टि की है।

Ad 1

घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल करीब 12 लोगों को इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। उज्जैन आईजी राकेश गुप्ता ने घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार फैक्ट्री में दो केमिकल मिलाकर बारूद तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान केमिकल का अनुपात बिगड़ने से जोरदार धमाका हो गया। जिस स्थान पर विस्फोट हुआ वहां करीब 15 से 20 मजदूर काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना भयंकर था कि शवों के अंग 20 से 25 फीट दूर तक जा गिरे। कई मजदूर बुरी तरह झुलस गए, जबकि तीन महिलाओं के लापता होने की भी जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में 200 से अधिक महिलाएं कार्यरत थीं। हादसा लंच ब्रेक से कुछ मिनट पहले हुआ। कर्मचारियों के लिए खाना भी पहुंच चुका था, लेकिन धमाके के बाद मजदूर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर संवेदना जताई। उन्होंने जिले के प्रभारी मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हादसे की जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।

राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा घायलों के मुफ्त उपचार की घोषणा की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here