गूगल मैप के भरोसे भटकी शराब से भरी ट्रक, सागर में पुलिस ने पकड़ी 1500 पेटी बॉम्बे व्हिस्की छानबीन जारी
सागर। मकरोनिया थाना पुलिस ने बहेरिया मार्ग पर चेकिंग के दौरान 1500 पेटी बॉम्बे व्हिस्की से भरा एक आयशर ट्रक (MP 09 DF 0620) पकड़ा है। ट्रक में मौजूद ड्राइवर और हेल्पर ने शराब की खेप को वैध बताते हुए संबंधित दस्तावेज पुलिस को सौंपे हैं, जिनकी फिलहाल जांच की जा रही है।
पूछताछ में ड्राइवर रामचंद्र वर्मा ने बताया कि शराब की खेप खरगोन जिले के बड़वाह से लोड की गई थी, जिसे जबलपुर होते हुए रीवा पहुंचाया जाना था। सफर के दौरान उसे नींद आ गई, जिसके बाद हेल्पर ने ट्रक की स्टेरिंग संभाल ली। हेल्पर गूगल मैप के सहारे वाहन चला रहा था, लेकिन रास्ते को लेकर हुए कन्फ्यूजन में ट्रक सागर पहुंच गया। इसी दौरान बहेरिया मार्ग पर चल रही पुलिस चेकिंग में वाहन को रोक लिया गया।
मकरोनिया थाना प्रभारी रविंद्र चौहान ने बताया कि ट्रक और उसमें रखी शराब को सुरक्षित रखवा दिया गया है। ड्राइवर द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों और दावों का बारीकी से सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने और कागजात सही पाए जाने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई तय की जाएगी


