सागर : शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सागर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,शहरभर में लगाए गए चेकिंग पॉइंट
सागर। सड़क हादसों पर लगाम लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सागर पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक सागर के निर्देश पर जिलेभर में सख्त चेकिंग की जा रही है।
शहर के प्रमुख चौराहों, तिराहों और मुख्य मार्गों पर पुलिस की संयुक्त टीमें तैनात की गई हैं। ट्रैफिक पुलिस, संबंधित थाना पुलिस और सीएसपी के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत कैंट, तीनबत्ती, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, कटरा और मकरोनिया सहित कई स्थानों पर देर रात तक वाहनों की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर ब्रीथ एनालाइजर मशीन से चालकों की जांच की। जिन लोगों के शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई, उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। कई वाहनों को जब्त कर थानों में खड़ा कराया गया, वहीं वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाना गंभीर अपराध है और इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। लोगों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब के सेवन के बाद वाहन न चलाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना, वाहन जब्ती और जेल की कार्रवाई की जा सकती है। सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की भी अपील की गई है।


