सागर पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव, हेलीपेड पर हुआ स्वागत; केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार के पुत्र के विवाह समारोह में हुए शामिल
सागर जिले के प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सोमवार को धर्मश्री हेलीपेड पर गरिमामय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री के सागर आगमन पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान प्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सागर विधायक शैलेन्द्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, श्याम तिवारी, प्रभारी संभाग कमिश्नर एवं कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सागर के एक निजी होटल में आयोजित वैवाहिक समारोह में शामिल हुए। यहां उन्होंने केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार के सुपुत्र केसरी नंदन और पुत्रवधू प्रेरणा को विवाह की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद दाम्पत्य जीवन और उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते हुए कहा कि विवाह दो आत्माओं का पवित्र मिलन है और ईश्वर उनके जीवन को सुख, शांति एवं समृद्धि से भर दे। इस अवसर पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार और उनके परिवार से मुलाकात कर खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और अधिकारियों से भी आत्मीय चर्चा की।
वैवाहिक कार्यक्रम में खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, नवकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री राकेश शुक्ला, पूर्व मंत्री एवं विधायक गोपाल भार्गव, विधायक शैलेंद्र जैन, विधायक प्रदीप लारिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, पूर्व विधायक पारुल साहू, संध्या भार्गव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और परिजन मौजूद रहे।


