MP में बड़ा हादसा टला : एक के बाद एक 4 बसों में हुआ ब्लास्ट 5 बसे जाली,क्षेत्र में मचा हड़कंप
इंदौर के नवलखा इलाके में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पार्किंग में खड़ी पांच बसों में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो दमकलें मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना तीन इमली क्षेत्र के पास स्थित बस पार्किंग की बताई जा रही है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में निजी बसें खड़ी की जाती हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुबह एक बस में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग करते समय चिंगारी से बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास में खड़ी अन्य बसों को भी अपनी चपेट में ले लिया और कुल पांच बसें जलने लगीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के दौरान चार जोरदार धमाके भी सुनाई दिए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। लोगों का कहना है कि धमाकों की आवाज गैस सिलेंडर फटने जैसी थी, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के समय पार्किंग में 20 से ज्यादा बसें खड़ी थीं। आग फैलती देख अन्य बसों को तत्काल वहां से हटाया गया। वहीं पास में रिहायशी बस्ती होने के कारण लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
घटना को लेकर स्थानीय पार्षद मनीष शर्मा ने प्रशासन पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाके में निजी बसों की पार्किंग और मरम्मत को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि लापरवाही के चलते कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
मौके पर पहुंचे पार्षद मनीष शर्मा धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि जब तक बसों की पार्किंग यहां से हटाई नहीं जाती और स्थायी समाधान नहीं निकाला जाता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।


