युवक की मौत पर शाहपुर में बवाल, चक्काजाम के बाद शराब दुकान में आगजनी

0

युवक की मौत पर शाहपुर में बवाल, चक्काजाम के बाद शराब दुकान में आगजनी
सागर जिले के शाहपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में शनिवार सुबह बरेठा बाबा की घाटी के पास एक युवक का शव मिलने के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए सागर-गढ़ाकोटा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इसी दौरान गुस्साई भीड़ ने शाहपुर स्थित शराब दुकान में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार शाहपुर निवासी नीरज प्रजापति (38) शुक्रवार रात अपने साथी सूरज अहिरवार के साथ गढ़ाकोटा लाइट का सामान लेने जा रहे थे। आरोप है कि देर रात रास्ते में बोलेरो वाहन से आए 10 से 12 लोगों ने दोनों को रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने नीरज को बेहोश होने तक पीटा, जबकि सूरज किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला। शनिवार सुबह नीरज का शव बरेठा बाबा की घाटी के पास सड़क किनारे मिला।
शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शराब दुकान के कर्मचारियों पर हत्या का आरोप लगाया। आक्रोशित लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। इसी दौरान भीड़ ने शाहपुर स्थित शराब दुकान में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। आगजनी की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर शांत कराया और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
घायल सूरज अहिरवार ने बताया कि देर रात गढ़ाकोटा रोड पर बोलेरो में आए लोगों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की और फिर दोनों के साथ जमकर मारपीट की। सूरज के मुताबिक हमलावरों ने नीरज को बेहोश होने तक पीटा। उसने आरोप लगाया कि मारपीट करने वालों में अंशुल, छोटू, भगवत और नीलेश समेत अन्य लोग शामिल थे।
मृतक की पत्नी वंदना प्रजापति ने बताया कि नीरज घर से लाइट का सामान लेने निकले थे और मोबाइल घर पर ही छोड़ गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शनिवार सुबह पुलिस से सूचना मिली कि नीरज बेहोशी की हालत में मिले हैं। परिजन मौके पर पहुंचे तो नीरज अर्धनग्न अवस्था में पड़े थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि शाहपुर क्षेत्र में युवक का शव मिला है और शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Ad 1

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here