केंट पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जानलेवा हमला करने वाले और दहशत फैलाने वाले आरोपी गिरफ्तार
सागर। जिले के केंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत हत्या के प्रयास और शहर में दहशत फैलाने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा है। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शाहवाल के निर्देशन में चलाई गई इस कार्रवाई के दौरान हत्या की कोशिश करने वाले आरोपियों सहित एक अन्य आदतन अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, गुरुगोविंद सिंह वार्ड निवासी अभिषेक जाटव ने थाना केंट में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी राजा अहिरवार, अमित अहिरवार, अज्जू अहिरवार और अर्जुन ठाकुर ने एक राय होकर उन पर और उनके साथियों सोनू जाटव एवं विकास बाल्मिकी पर जान से मारने की नीयत से हमला किया। इस हमले में फरियादी पक्ष को प्राणघातक चोटें आई थीं, जिस पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर घेराबंदी करते हुए प्रकरण के मुख्य आरोपियों राजा, अमित और अज्जू अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है। इसी कड़ी में पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास दहशत फैलाने वाले आरोपी ऋषि सेन को भी गिरफ्तार किया है, जो पूर्व में मोतीनगर क्षेत्र में सक्रिय था।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी केंट रोहित डोंगरे और उनकी टीम के सदस्य उनि के एस ठाकुर, प्रआर विनोद कुमार, दीपांश पाठक, आरक्षक देवेन्द्र रावत, दिनेश तिवारी, भानू प्रताप चौधरी, नरेश, निशांत और विनोद यादव की विशेष भूमिका रही है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि अन्य मामलों में भी सुराग मिल सकें।


