सागर। शहर के गोपालगंज स्थित मुक्तिधाम परिसर में फैली गंदगी और अव्यवस्था को दूर करने के लिए संकल्प फाउंडेशन ने एक अनुकरणीय पहल की है। संस्था के अध्यक्ष रिशांक तिवारी के नेतृत्व में युवाओं की टोली ने रविवार को मुक्तिधाम पहुंचकर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया और घंटों श्रमदान कर पूरे परिसर को स्वच्छ बनाया।
विगत कुछ समय से गोपालगंज मुक्तिधाम में गंदगी के कारण अंतिम संस्कार के लिए आने वाले परिजनों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय नागरिकों ने इस अव्यवस्था की जानकारी संकल्प फाउंडेशन को दी थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए संस्था ने इसे अपनी सामाजिक जिम्मेदारी माना और तुरंत सफाई अभियान छेड़ने का निर्णय लिया।
अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने झाड़ू थामकर कचरा हटाया और झाड़ियों की छंटाई कर परिसर को व्यवस्थित किया। इस अवसर पर अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने कहा कि मुक्तिधाम समाज का सबसे संवेदनशील स्थान है, जहाँ व्यक्ति अपने जीवन के अंतिम पड़ाव पर होता है। यहाँ की गरिमा और स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रशासन का काम नहीं, बल्कि हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज के सहयोग के बिना कोई भी बदलाव स्थायी नहीं हो सकता।
इस अभियान में शहर के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सफाई कार्य में शुभम नामदेव, गणेश सेन, नीरज करोसिया, विशाल तोमर, शुभम पहलवान, स्वराज उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और सफाई मित्रों ने योगदान दिया। उपस्थित युवाओं का कहना था कि इस तरह के कार्यों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और युवा पीढ़ी को अपनी सामाजिक जड़ों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
अभियान में मुख्य रूप से मोनू लारिया, कार्तिक जाटव, कमलेन्द्र जाटव, हिमांशु साहू, लव कुमार, राजा जाटव, ध्रुव मिश्रा एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


