रेलवे सुरक्षा और सिंहस्थ-2028 की तैयारी पर उच्चस्तरीय बैठक
डीजीपी कैलाश मकवाणा ने दिए समन्वय और सख्त सुरक्षा के निर्देश
भोपाल। पुलिस मुख्यालय में बुधवार को पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा की अध्यक्षता में राज्य रेल सुरक्षा उच्चस्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश से गुजरने वाले रेल नेटवर्क की सुरक्षा मजबूत करने, एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और सिंहस्थ-2028 को लेकर व्यापक रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया।
डीजीपी मकवाणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेलवे सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर पूर्व तैयारी, सतत निगरानी और त्वरित समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा मिल सके। उन्होंने सिंहस्थ-2028 जैसे बड़े आयोजन को देखते हुए दीर्घकालिक सुरक्षा योजना बनाने पर विशेष बल दिया।
बैठक में रेलवे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, ट्रैक को अवरोधमुक्त रखने, भीड़ नियंत्रण, यात्रियों—विशेषकर महिला और वरिष्ठ नागरिकों—की सुरक्षा, अपराध रोकथाम और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही संवेदनशील स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।
सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन, बढ़ते यात्री दबाव, स्टेशन प्रबंधन, आपदा प्रतिक्रिया और बहु-एजेंसी समन्वय की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में विशेष पुलिस महानिदेशक रेलवे रवि कुमार गुप्ता, एडीजी इंटेलिजेंस ए. सांई मनोहर, डीआईजी पंकज श्रीवास्तव, सिमाला प्रसाद और एआईजी रेलवे अरविन्द कुमार दुबे सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, इंटेलिजेंस ब्यूरो और विभिन्न रेलवे जोन के वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।
बैठक को राज्य और केंद्र की सुरक्षा एजेंसियों के बीच संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे रेल यात्री सुरक्षा, ट्रैक सुरक्षा और आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई की क्षमता और मजबूत होगी।


