किसानों की सुविधा सर्वोपरि, उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाएं दुरुस्त करें: कलेक्टर प्रतिभा पाल
उपार्जन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: समय पर परिवहन और भुगतान के निर्देश
काम शुरू न करने वाली समितियों को नोटिस, अधिकारियों को रोजाना निरीक्षण के आदेश
सागर। जिले में समर्थन मूल्य उपार्जन कार्य को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उपार्जन का परिवहन और किसानों को भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए। जो सहकारी समितियां अब तक उपार्जन कार्य शुरू नहीं कर पाई हैं, उन्हें तत्काल नोटिस जारी किए जाएं।
जिला उपार्जन समिति की बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समिति के सदस्य प्रतिदिन कम से कम पांच उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण करें। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, जिला आपूर्ति नियंत्रक श्रीमती ज्योति बघेल, श्री रोहित बघेल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान कहा कि किसानों की सुविधा और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपार्जन केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कमी को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, छायादार बैठने की व्यवस्था, प्राथमिक उपचार किट, शौचालय, तौल कांटा, इंटरनेट और बारदाना जैसी आवश्यक सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र के उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि केंद्रों की क्षमता, बारदाने की उपलब्धता और तौल कांटों की शुद्धता की गहन जांच की जाए।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि उपार्जन के साथ ही परिवहन व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए, ताकि अनाज का समय पर उठाव हो सके। साथ ही बारदाने की निरंतर उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।


