संभागायुक्त कार्यालय के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, कानून व्यवस्था और निगम की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

0

संभागायुक्त कार्यालय के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, कानून व्यवस्था और निगम की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

Ad 1

सागर। शहर में बिगड़ती कानून व्यवस्था और नगर निगम की कथित लापरवाही को लेकर शुक्रवार को शहर कांग्रेस ने संभागायुक्त कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। कानून व्यवस्था से संबंधित ज्ञापन का वाचन कांग्रेस नेता सुरेंद्र सुहाने ने किया, जबकि नगर निगम की समस्याओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह ‘बब्बू’ यादव ने ज्ञापन पढ़ा।

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने आरोप लगाया कि शहर में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जुआ, सट्टा, अवैध शराब और चाकूबाजी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस इन पर अंकुश लगाने में असफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि मेडिकल स्टोर्स पर सस्ते नशे की गोलियां आसानी से उपलब्ध हैं, जिससे युवा नशे में अपराध कर रहे हैं। शहर की यातायात व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अधिकांश मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रहती है, जबकि यातायात पुलिस कार्रवाई के बजाय केवल चालानी कार्रवाई में व्यस्त नजर आती है।

नगर निगम पर निशाना साधते हुए महेश जाटव ने कहा कि शहर में सड़क, नाली और आवास योजना के तहत हो रहे निर्माण कार्य घटिया गुणवत्ता के हैं। आरोप लगाया कि ठेकेदारों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती और कई कार्यों में पार्षदों के परिवारों की संलिप्तता है। उन्होंने इन मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की।

ज्ञापन में शहर में गंदे पानी की सप्लाई रोकने, आवारा पशुओं से राहत दिलाने, पार्कों के रखरखाव में सुधार और डेयरी विस्थापन में पारदर्शिता लाने की मांग भी उठाई गई। साथ ही जलकर और संपत्ति कर के बिलों में त्रुटियों को सुधारने के लिए शिविर आयोजित करने की मांग की गई।

कांग्रेस ने नगर निगम में आउटसोर्सिंग के जरिए काम कर रहे कर्मचारियों की जांच, 8 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 17 सड़कों के निर्माण कार्य में पारदर्शिता और स्वतंत्र एजेंसी से गुणवत्ता जांच कराने की मांग भी रखी। इसके अलावा शहर की दीवारों पर रंगाई-पुताई में अनियमितताओं की जांच तथा एलीवेटेड कॉरिडोर पर अधूरी जाली लगाने का कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की गई, ताकि हादसों और आत्महत्या जैसी घटनाओं पर रोक लग सके।

लाखा बंजारा क्षेत्र में घटिया निर्माण कार्य का आरोप लगाते हुए जाटव ने कहा कि वहां पत्थर उखड़ रहे हैं और फुटपाथ टूट रहे हैं, जिससे आमजन को परेशानी हो रही है।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक सुनील जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का आभार जिला संगठन महासचिव रामकुमार पचौरी ने व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here