सागर। विद्युत चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए शहर संभाग सागर द्वारा बड़े स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने अब इस अभियान को और तेज करते हुए दिन के साथ-साथ रात्रि में भी विशेष जांच शुरू कर दी है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। विभाग द्वारा गठित 8 स्पेशल टीमें प्रतिदिन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रूप से निरीक्षण कर रही हैं। चेकिंग के दौरान जहां भी बिजली चोरी पाई जा रही है, वहां संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मौके पर ही कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है।
कार्यपालन यंत्री शहर संभाग सागर, इमरान खान ने बताया कि यह अभियान मुख्य अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता सागर के निर्देशन में संचालित हो रहा है। मकरोनिया क्षेत्र में सहायक यंत्री एम.के. मंडलोई, पावर हाउस क्षेत्र में कृष्ण कुमार पटेल, सिविल लाइन क्षेत्र में शैलेश सुमन तथा सदर क्षेत्र में लखन अहिरवार के नेतृत्व में टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। मकरोनिया क्षेत्र के 11 केवी ढाना फीडर बड़तूमा में एल.टी. पोल से अवैध रूप से डोरी डालकर बिजली उपयोग करते पाए जाने पर नीलू यादव, फूलसिंह अहिरवार, दशरथ बाल्मीकि, किरन अहिरवार, जमना प्रसाद अहिरवार और योगेश अहिरवार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं 22 अप्रैल 2026 को सिविल लाइन जोन में न्यूट्रल से बिजली चोरी करते पाए जाने पर महेश/रूपनारायण और विनोद कुमार केशरवानी तथा तुलसीनगर वार्ड सदर में कन्हैयालाल/मुकुंदीलाल, भोलाराम अहिरवार और बाबूलाल अहिरवार के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
बुधवार को भी सभी टीमों ने सघन जांच करते हुए कई स्थानों पर बिजली चोरी के मामले पकड़े। विभाग ने स्पष्ट किया है कि रात्रि कालीन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा और कभी भी आकस्मिक निरीक्षण किया जा सकता है। विभाग ने जानकारी दी है कि यह विशेष अभियान अप्रैल और मई माह तक निरंतर चलेगा। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे केवल वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


