सागर पुलिस की बड़ी सफलता: 3000 का ईनामी और हत्या का आरोपी गिरफ्तार
सागर । पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शाहवाल के निर्देशन में जिले में फरार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गौरझामर पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने 3 साल से फरार चल रहे ईनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तारी का विवरण
थाना गौरझामर के अपराध क्रमांक 403/23 (छेड़छाड़ एवं एससी/एसटी एक्ट) में फरार आरोपी करन रैकवार (पिता मूलचंद रैकवार, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम भौहारी) को पुलिस टीम ने गढ़ाकोटा के आजाद वार्ड में घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 3,000 रुपये का ईनाम घोषित था। आरोपी को आज न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
अन्य अपराधों में संलिप्तता
जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी करन रैकवार जिला कटनी के थाना विजयराघवगढ़ से हत्या जैसे जघन्य मामले में भी लंबे समय से फरार है। इस मामले में कटनी न्यायालय द्वारा आरोपी के विरुद्ध स्थाई वारंट जारी किया गया था। गौरझामर पुलिस ने इस संबंध में कटनी पुलिस को सूचित कर दिया है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस सफल कार्यवाही में गौरझामर थाना प्रभारी नासिर फारुकी के साथ उनकी टीम के सदस्य अनिल, शैलेन्द्र पाण्डेय, अशोक सिंह, सौरभ (सायबर सेल), नीतू, अरुण, शिवप्रताप और प्रमोद की विशेष भूमिका रही।
चैनल एडिटर गजेंद्र ठाकुर 9302303212


