शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, भोपाल के युवक पर मामला दर्ज
सागर। सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। भोपाल निवासी आरोपी ने सागर और भोपाल के होटलों में युवती के साथ संबंध बनाए और बाद में संपर्क तोड़ लिया। सागर के कैंट थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ निवासी 32 वर्षीय पीड़िता की पहचान करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से भोपाल निवासी अनिल सिंह से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी तो अनिल ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। मेल-मुलाकात का सिलसिला शुरू हुआ और 4 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने युवती को सागर बुलाया। यहां कैंट क्षेत्र स्थित होटल गोल्डन लीफ में रुककर आरोपी ने युवती को शादी और कुंडली मिलने का झांसा दिया और उसके साथ गलत काम किया। इसके बाद दिसंबर 2025 में आरोपी ने युवती को भोपाल की एक होटल में बुलाकर फिर शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता ने जब भी शादी का दबाव बनाया, आरोपी टालमटोल करता रहा। जनवरी 2026 से आरोपी ने अचानक युवती से बातचीत बंद कर दी और उसे सोशल मीडिया समेत सभी प्लेटफॉर्म पर ब्लॉक कर दिया। पीड़िता को जानकारी मिली कि आरोपी ने कहीं और शादी कर ली है, जिसके बाद परेशान होकर उसने सागर पहुंचकर पुलिस की शरण ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


