सागर में थाना बना अखाड़ा: किन्नर समाज के दो गुटों में जमकर मारपीट, मचा हड़कंप

0

सागर में थाना बना अखाड़ा: किन्नर समाज के दो गुटों में जमकर मारपीट, मचा हड़कंप

सागर। शहर में किन्नर समाज के दो पक्षों के बीच रविवार को विवाद इतना बढ़ गया कि मामला थाने तक पहुंच गया। हैरानी की बात यह रही कि मोती नगर थाना परिसर के अंदर ही दोनों पक्षों के बीच जमकर गाली-गलौज और मारपीट हो गई। इस दौरान चप्पलें भी चलीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार संध्या किन्नर अपने साथियों के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंची थी। उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर करीब 1 बजे वे काकागंज वार्ड में बधाई लेने गई थीं। वहां पता चला कि काजल किन्नर पहले ही बधाई लेकर जा चुकी है। लौटते समय रास्ते में काजल किन्नर और उसके साथी गोलू भाई जान मिले, जिन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। संध्या किन्नर का आरोप है कि मना करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें उनके साथियों को भी चोट आई। उन्होंने यह भी बताया कि धक्का-मुक्की के दौरान गले में पहने सोने के जेवर गिर गए, जो नहीं मिल सके।

इसी बीच दूसरा पक्ष भी थाने पहुंच गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आए तो विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते थाना परिसर में ही गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई। चप्पलों से एक-दूसरे पर हमला किया गया।
पुलिस ने किया बीच-बचाव, फिर दिखाई सख्ती
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद पुलिस को सख्ती दिखानी पड़ी, तब जाकर मामला शांत हुआ। पुलिस ने संध्या किन्नर की शिकायत के आधार पर काजल किन्नर और उसके साथी गोलू भाई जान, निवासी इतवारी टोरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here