MP: वाहन चोरों पर पुलिस का प्रहार, एक सप्ताह में 73 वाहन बरामद
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेश में वाहन चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगाम कसने के लिए विशेष अभियान छेड़ रखा है। पिछले एक सप्ताह के भीतर पुलिस ने राज्य के विभिन्न जिलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी हुए कुल 73 वाहन जब्त करने में सफलता हासिल की है। पुलिस मुख्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पुलिस ने समन्वित रणनीति, सीसीटीवी फुटेज और फील्ड इंटेलिजेंस की मदद से 55 मोटरसाइकिलें, 7 ट्रैक्टर, 3 ट्रॉली, 3 चार पहिया वाहन, 3 ई-रिक्शा, 1 ट्रक और 1 जेसीबी बरामद की है। इस दौरान कई शातिर अंतर्राज्यीय गिरोहों का भी भंडाफोड़ किया गया है।
बैतूल जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है जहां कोतवाली, भैंसदेही और मुलताई पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 20 दोपहिया वाहन और 4 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। भैंसदेही पुलिस ने किसानों के ट्रैक्टर चोरी कर दूसरे राज्यों में बेचने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर 23 लाख रुपये मूल्य के ट्रैक्टर बरामद किए। इसी तरह मुरैना के कोतवाली और जौरा थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा और ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए करीब 27 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
सिंगरौली की चितरंगी पुलिस ने मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के इलाकों में सक्रिय अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों और दो किशोरों को पकड़कर 9 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। ग्वालियर में कोतवाली पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके पास से 5 मोटरसाइकिलें, मास्टर चाबियां और फर्जी नंबर प्लेटें बरामद की हैं। डिंडोरी पुलिस ने भी वाहन और जेवरात चोरी के पांच मामलों का खुलासा किया है।
शिवपुरी के करैरा और सिरसौद में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 4 मोटरसाइकिलें और एक चोरी हुई ट्रॉली महज 12 घंटे के भीतर बरामद कर ली। विदिशा की सिविल लाइन पुलिस ने भी दो आरोपियों को पकड़कर करीब 5 लाख रुपये मूल्य के वाहन जब्त किए हैं। इसके अलावा मंदसौर, पांढुर्णा, उमरिया, इंदौर, सागर, भोपाल, दतिया, पन्ना, उज्जैन और सीहोर जिलों में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी, ट्रक, बोलेरो और मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आम जनता की संपत्ति की सुरक्षा के लिए अपराधियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।



