पत्नी ने रची खौफनाक साजिश, प्रेमी संग मिलकर कराई पति की हत्या,लूट की झूठी कहानी बनाकर पुलिस को भटकाने की कोशिश

0

पत्नी ने रची खौफनाक साजिश, प्रेमी संग मिलकर कराई पति की हत्या,लूट की झूठी कहानी बनाकर पुलिस को भटकाने की कोशिश
इंदौर/धार।धार जिले के राजोद थाना क्षेत्र के गोंदीखेड़ा चारण गांव में मसाला कारोबारी देवकृष्ण पुरोहित की हत्या का मामला अब चौंकाने वाले खुलासों के साथ सामने आया है। शुरुआत में इसे लूट की घटना माना जा रहा था, लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ने पर यह एक सोची-समझी हत्या निकली। जांच में सामने आया कि इस वारदात की साजिश खुद मृतक की पत्नी प्रियंका ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर रची थी।
पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
प्रेम संबंध बना वजह
पुलिस के अनुसार, प्रियंका के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध थे, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच तनाव बना हुआ था। देवकृष्ण इस रिश्ते में बाधा बन रहा था, जिससे छुटकारा पाने के लिए प्रियंका ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की योजना तैयार की।
घर के भीतर ही दिया वारदात को अंजाम
घटना वाली रात आरोपितों को घर में ही बुलाया गया। इसके बाद देवकृष्ण को एक कमरे में ले जाकर बेरहमी से पीटा गया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपितों ने इसे लूट जैसा दिखाने की कोशिश की।
लूट की कहानी गढ़कर किया गुमराह
हत्या के बाद प्रियंका ने पुलिस को बताया कि 4-5 बदमाश घर में घुसे, उसे बंधक बनाकर मारपीट की और लाखों रुपये के जेवर व नकदी लेकर फरार हो गए। उसने खुद को पीड़ित बताकर जांच को भटकाने की कोशिश की, लेकिन घटनास्थल के हालात और उसके बयान में विरोधाभास सामने आने पर पुलिस को शक हुआ।
जांच में सामने आई सच्चाई
पुलिस की गहन जांच में स्पष्ट हो गया कि लूट की कहानी पूरी तरह से मनगढ़ंत थी। वारदात को अंजाम देने के लिए घर की अंदरूनी जानकारी का इस्तेमाल किया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
यह घटना केवल एक हत्या का मामला नहीं है, बल्कि रिश्तों में विश्वास टूटने की एक भयावह मिसाल भी बनकर सामने आई है।

Ad 1

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here