जल गंगा संवर्धन अभियान: मकरोनिया में कुएं की हुई सफाई, जल संरक्षण का दिया संदेश
मकरोनिया | शासन के निर्देशानुसार और सागर कलेक्टर संदीप जी आर के मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद मकरोनिया क्षेत्र में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ जोर-शोर से चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत क्षेत्र के पारंपरिक जल स्रोतों, कुओं और नलकूपों के पुनरुद्धार और साफ-सफाई का कार्य निरंतर जारी है।
इसी क्रम में आज वार्ड क्रमांक 04, गंभीरिया वार्ड में स्थित सार्वजनिक कुएं की व्यापक साफ-सफाई की गई। नगर पालिका की टीम ने कुएं के भीतर जमा कचरे और सिल्ट को बाहर निकाला, ताकि जल स्तर में सुधार हो सके और नागरिकों को स्वच्छ जल मिल सके।

आम जनों से स्वच्छता की अपील
सफाई कार्य के दौरान नगर पालिका के कर्मचारियों ने उपस्थित नागरिकों को जल स्रोतों के महत्व के बारे में जागरूक किया। अधिकारियों ने अपील की कि जल स्रोत हमारी जीवनरेखा हैं, इन्हें प्रदूषित न करें और अपने आसपास के कुओं व बावड़ियों को साफ-सुथरा रखने में अपना सहयोग दें।
“जल ही जीवन है और आने वाली पीढ़ियों के लिए इन जल स्रोतों को बचाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।”
जनभागीदारी रही मौजूद इस स्वच्छता कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों के साथ वार्ड के प्रबुद्ध नागरिक और स्थानीय निवासी भी मौजूद रहे। अभियान के तहत आने वाले दिनों में अन्य वार्डों के जल स्रोतों की भी चरणबद्ध तरीके से सफाई की जाएगी।


