सागर में पुराने बस स्टैंड पर बदमाशों का आतंक लगातार व्याप्त, युवक को किया लहूलुहान
सागर। अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हो चुके हैं, इसका ताजा उदाहरण शहर के पुराने बस स्टैंड पर देखने को मिला है। हालात ऐसे बन गए हैं कि अब सफर करने वाले यात्री भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। अपराधी खुलेआम पुलिस को चुनौती देते हुए यात्रियों को अपना निशाना बना रहे हैं।
बीती देर रात सागर बस स्टैंड पर एक यात्री के साथ बदमाशों ने बेरहमी से मारपीट कर दी। घायल युवक शिवम पटैल ने बताया कि वह इंदौर से पन्ना अपने घर जा रहा था और ओम साईं राम बस से सफर कर रहा था। सुबह करीब चार बजे बस सागर बस स्टैंड पर रुकी, तभी वह टॉयलेट जाने के लिए बस से नीचे उतरा।
इसी दौरान स्कूटी से आए अज्ञात कुछ बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने पहले उससे पूछताछ की और उनके हाथों में डंडे और चाकू भी थे। शिवम जब वापस बस में चढ़ने लगा तो बदमाशों ने पीछे से उसके सिर पर डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसके सिर से खून बहने लगा।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि बस में मौजूद स्टाफ ने भी घायल यात्री की कोई मदद नहीं की। बाद में बस स्टैंड पर मौजूद ऑटो चालकों ने इंसानियत दिखाते हुए घायल शिवम को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
बहरहाल, सागर शहर में जिस तरह से अपराधियों का आतंक बढ़ता जा रहा है, वह कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सवाल यह है कि जब शहर का पुराना बस स्टैंड बदमाशो का अड्डा बनता जा रहा है और इनको संरक्षण भी मिलता नजर आता ही आम जनता आखिर खुद को कहां सुरक्षित महसूस करे।
बहरहाल नए बस स्टैंड लगभग बन कर तैयार हैं देखना यह है आखिर कब तक यहाँ पुराना बस स्टैंड शिफ्ट होंगे।


