सागर में पति के दोस्त ने महिला से किया दुष्कर्म, गर्भवती होने पर पति ने भी छोड़ा साथ
सागर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में महिला से उसके पति के दोस्त ने दुष्कर्म किया। बार-बार दुष्कर्म करने से महिला गर्भवती हो गई। इसी बीच गर्भवती होने की बात पति को पता चल गई। उसने पत्नी को साथ रखने से इनकार कर दिया। जिसके बाद पीड़िता मायके चली गई। मामले में पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत की। शिकायत पर सोमवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
जानकारी के अनुसार, महाराजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में पीड़िता अपने पति के साथ ससुराल में रह रही थी। पति के दोस्त का घर आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। बातचीत होने लगी। मौका पाते ही आरोपी ने पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए। शादी करने का झांसा दिया। दुष्कर्म से पीड़िता गर्भवती हो गई।
पांच माह गर्भवती होने की जानकारी पति को लगी तो उसने पत्नी को साथ रखने से मना कर दिया। उसे मायके भेज दिया। वहीं मायके पक्ष ने भी पीड़िता को घर में रखने से इनकार कर दिया। पीड़िता महाराजपुर थाने पहुंची और शिकायत की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने पति और आरोपी को थाने बुलाया। बातचीत
में आरोपी दोस्त ने पीड़िता को साथ रखने की बात कही। लेकिन घर जाने के बाद वह भी मुकर गया। अब पीड़िता ने सोमवार को दोबारा थाने जाकर मामला दर्ज कराया।
मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच में लिया
पीड़िता ने बताया कि उसके पति के दोस्त ने दुष्कर्म किया था। मैं 5 माह की गर्भवती हूं। पति ने साथ रखने मना कर दिया। आरोपी के परिजन भी मारने की धमकी दे रहे हैं। परेशान होकर थाने में शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने जांच करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। महाराजपुर थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह भदोरिया ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।


