भोपाल में फिर बम धमकी से हड़कंप : पीपुल्स यूनिवर्सिटी खाली कराई गई, पुलिस और बम स्क्वॉड ने चलाया सर्च ऑपरेशन

0

भोपाल में फिर बम धमकी से हड़कंप : पीपुल्स यूनिवर्सिटी खाली कराई गई, पुलिस और बम स्क्वॉड ने चलाया सर्च ऑपरेशन
भोपाल की पीपुल्स यूनिवर्सिटी को एक बार फिर विस्फोट की धमकी मिलने से परिसर में अफरा-तफरी मच गई। धमकी ई-मेल के जरिए दी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। एहतियात के तौर पर यूनिवर्सिटी परिसर को खाली करा लिया गया है और व्यापक तलाशी अभियान जारी है।
जानकारी मिलते ही निशातपुरा थाना प्रभारी मनोज पटवा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके नेतृत्व में पुलिस बल ने यूनिवर्सिटी के हर हिस्से की जांच शुरू कर दी। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड भी बुलाए गए हैं। क्लासरूम, छात्रावास, पार्किंग और अन्य भवनों की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।
ई-मेल में 12:15 बजे ब्लास्ट की चेतावनी
पुलिस के मुताबिक, धमकी भरे ई-मेल में दावा किया गया है कि कॉलेज परिसर में सायनाइड पॉइजन से जुड़े बम रखे गए हैं, जो दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर फटेंगे। संदेश में सुबह 11 बजे तक डॉक्टरों और छात्रों को बाहर निकालने की बात भी लिखी गई है। ई-मेल के अंत में “अल्लाह हू अकबर” लिखा हुआ है।
धमकी की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने कोई जोखिम नहीं लिया और तुरंत खाली कराने की कार्रवाई की। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि हर कमरे और कोने की सघन जांच की जा रही है।
साइबर सेल जुटी जांच में
पुलिस ने ई-मेल आईडी और आईपी एड्रेस के आधार पर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की टीम भी मामले में शामिल कर ली गई है। अधिकारियों का कहना है कि ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द ही आरोपित तक पहुंचने की उम्मीद है।
19 फरवरी को भी मिली थी धमकी
यह पहली बार नहीं है जब यूनिवर्सिटी को इस तरह की चेतावनी मिली हो। इससे पहले 19 फरवरी को भी पीपुल्स मेडिकल कॉलेज को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस समय भी पुलिस और बम स्क्वॉड ने परिसर की गहन तलाशी ली थी, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं। जांच पूरी होने तक परिसर में निगरानी बढ़ा दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here