सागर ननि की बिलिंग व्यवस्था पर उठे सवाल, बिना कनेक्शन 1.74 लाख का जलकर बकाया ?

0

सागर नगर निगम की बिलिंग व्यवस्था पर सवाल, बिना कनेक्शन 1.74 लाख का जलकर बकाया बताने का आरोप

सागर। विचार समिति अध्यक्ष कपिल मलैया ने सागर नगर निगम की बिलिंग व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि निगम विभिन्न मदों में बिल जारी करने में अत्यंत लापरवाही बरत रहा है। आरोप है कि बिना सत्यापन के ही किसी भी प्रकार के बिल जारी कर भुगतान की मांग की जा रही है।

उन्होंने बताया कि उनसे दो जल कनेक्शनों के नाम पर लगभग 1.74 लाख रुपये जलकर बकाया बताया गया है, जबकि उनके अनुसार वर्तमान में उनका कोई जल कनेक्शन नहीं है। पूर्व में जो कनेक्शन थे, उन्हें वर्ष 2019 में विधिवत विच्छेद कर दिया गया था, जिसकी रसीद उनके पास उपलब्ध है और संबंधित दस्तावेज भी सार्वजनिक रूप से साझा किए गए हैं। इसके बावजूद बकायादारों की सूची में नाम जारी कर दिया गया, जिससे उनकी अनावश्यक बदनामी हो रही है।

कपिल मलैया ने कचरा कलेक्शन बिलिंग में भी अनियमितता का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पहले सात वर्षों का एकमुश्त बिल दिया गया और अब दो वर्षों का बिल एक साथ थमा दिया गया है। उन्होंने निगम को प्रतिमाह नियमित बिल देने के लिए पत्र भी सौंपा है, किंतु अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here