सागर। शहर के मोतीनगर थाना इलाके में गुरुवार देर रात एक शादी समारोह उस समय दहशत में बदल गया, जब बारात के दौरान अचानक गोली चल गई। इस फायरिंग में बैंड में शामिल 15 वर्षीय विवेक बंसल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
https://www.facebook.com/share/v/1CqiQYLEei/
जानकारी के मुताबिक मोतीनगर क्षेत्र स्थित सागर सरोज मैरेज गार्डन में अंबा ज्वेलर्स सोनी परिवार का विवाह कार्यक्रम था। बारात गोला कुआं से मैरेज गार्डन की ओर बढ़ रही थी। आगे-आगे बैंड पार्टी चल रही थी और माहौल उत्सव का था। तभी अचानक एक युवक ने फायर कर दिया। गोली की आवाज गूंजते ही अफरा-तफरी मच गई। लोगों को पहले समझ नहीं आया कि हुआ क्या है, लेकिन कुछ ही पलों में विवेक बंसल जमीन पर गिर पड़ा।
साथियों ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद विवेक के साथ मौजूद साथियों ने बिना समय गंवाए उसे उठाया और बड़ा बाजार स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) रेफर कर दिया गया। बीएमसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि गोली सीने में गंभीर स्थान पर लगी थी और अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
मौके पर पहुंची पुलिस, संदिग्ध हिरासत में
सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। भीड़ बढ़ने की स्थिति को देखते हुए तीन थानों का अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और अस्पताल दोनों जगह हालात संभाले और मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों ने फायरिंग करने वाले एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। प्रारंभिक जानकारी में उसी पर गोली चलाने का शक जताया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।
बारात में वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए ड्रोन कैमरे भी उड़ाए जा रहे थे। पुलिस ने उन ड्रोन कैमरों को जब्त कर लिया है। अधिकारियों का मानना है कि फायरिंग की पूरी घटना रिकॉर्डिंग में कैद हो सकती है, जिससे जांच में अहम सुराग मिल सकते हैं।
विवेक के साथी खिलान बंसल ने बताया कि वे सामान्य रूप से बैंड बजाते हुए आगे बढ़ रहे थे। अचानक तेज आवाज आई और विवेक गिर पड़ा। शुरुआत में किसी को अंदाजा नहीं था कि गोली चली है, लेकिन जब खून देखा गया तो हड़कंप मच गया।
अस्पताल में विरोध, कार्रवाई की मांग
मौत की खबर मिलते ही परिजन और परिचित बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की। कुछ समय के लिए लोगों ने विरोध जताते हुए थाने के बाहर भी प्रदर्शन किया और सड़क पर बैठ गए।
पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद स्थिति शांत हो सकी।
बताया गया है कि विवेक अपने परिवार का इकलौता बेटा था और बैंड बजाकर घर की जिम्मेदारियों में सहयोग करता था। उसकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि नाबालिग को गोली लगने से मृत्यु हुई है। शव को मर्चुरी में रखवाया गया है। प्रकरण दर्ज कर लिया गया है, आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
वहीं देर रात मोतीनगर थाना चौराहा पर चक्काजाम की स्थिति भी बनी देखी गयी थी।


