मकर संक्रांति पर दर्दनाक हादसा: आमने-सामने की टक्कर, एक परिवार के पांच लोगों की मौत

0

मकर संक्रांति पर दर्दनाक हादसा: आमने-सामने की टक्कर, एक परिवार के पांच लोगों की मौत

भोपाल। राजधानी भोपाल के ग्रामीण क्षेत्र बैरसिया में मकर संक्रांति के दिन एक भीषण सड़क दुर्घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात पिकअप वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने भिड़ंत में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।
यह हादसा बैरसिया थाना क्षेत्र में ठाकुर लाल सिंह स्कूल के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, विदिशा जिले के सिरोंज थाना क्षेत्र के रहने वाले अहिरवार परिवार के 15 सदस्य एक लोडिंग वाहन में सवार होकर मकर संक्रांति के अवसर पर नर्मदापुरम नर्मदा स्नान के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडिंग वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार कई लोग अंदर ही फंस गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
बैरसिया थाना प्रभारी वीरेन्द्र सेन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण लोडिंग वाहन की तेज रफ्तार सामने आ रहा है, हालांकि घायलों के बयान अभी दर्ज नहीं हो सके हैं। उनकी स्थिति में सुधार होने के बाद विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही देर रात बैरसिया एसडीएम आशुतोष शर्मा, विधायक विष्णु खत्री और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज चौरसिया अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने डॉक्टरों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए और स्थिति की जानकारी ली।
हादसे में जान गंवाने वाले
पुलिस के अनुसार, इस दुर्घटना में लक्ष्मीबाई अहिरवार, बबली बाई, हरि बाई, दीपक और मुकेश अहिरवार की मौत हुई है।
बैरसिया अस्पताल में घायलों का इलाज
अहिरवार परिवार के सूरज, विनीता, पुनीत, मोनिका, महक, नूरी बाई, लल्लू, प्रदीप और ज्योति का बैरसिया अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here