चाइनीज मांझे पर सख्ती : कलेक्टर के निर्देश पर विभिन्न स्थानों से मांझा जब्त, दुकानदारों दी गई समझाइश
सागर। कलेक्टर संदीप जी आर के सख्त निर्देश पर मकर संक्रांति पर्व को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से जिला प्रशासन ने जिले के जितेंद्र सिंघाई की दुकान एवं भीतर बाज़ार में गुलाब काइट्स सहित अन्य विभिन्न स्थानों से चाइनीज मांझा जब्त किया। चाइनीज मांझे को बेचने पर दुकानदाओं को समझाइश दी गई एवं चाइनीज मांझे के उपयोग न करने की जनता से अपील भी की।
कलेक्टर श्री संदीप जी ने कहा कि चाइनीज मांझा अत्यधिक तेज और धारदार होने के कारण मानव जीवन, पक्षियों तथा जानवरों के लिए घातक साबित होता है। इससे गले कटने की घटनाएं जैसे मामले सामने आते रहते हैं। इस खतरे की रोकथाम के लिए प्रशासन ने दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी है। उल्लंघन करने पर भारी जुर्माना तथा पुलिस कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर संदीप जी आर ने जनता से अपील की है कि वे चाइनीज मांझे का उपयोग न करें और केवल सूती या सुरक्षित मांझे का ही प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि पर्व की खुशियां सुरक्षा के साथ मनाई जाएं, किसी की जान को खतरा न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा इस संबंध में लगातार निगरानी रखी जाएगी।


