7 चोरों ने बनाया घर को निशाना, गार्ड होने के बावजूद कॉलोनी में लाखों की चोरी

0

सागर में बंद मकान को 7 चोरों ने बनाया निशाना, गार्ड होने के बावजूद रोज एन्क्लेव कॉलोनी में लाखों की चोरी

सागर। शहर के खुरई रोड स्थित रोज एन्क्लेव कॉलोनी में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। हैरानी की बात यह है कि कवर्ड कॉलोनी में सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद चोर बेखौफ होकर घर में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार पीड़ित जैन परिवार किसी काम से राहतगढ़ गया हुआ था। परिवार की अनुपस्थिति की पहले रैकी की गई और उसके बाद करीब सात चोरों ने सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पीड़ित परिवार के अनुसार चोरों ने पहले मुख्य दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर दूसरे रास्ते से घर में प्रवेश किया। इसके बाद घर के अंदर रखी अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे चांदी के बर्तन, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।

शनिवार को जब परिवार वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी टूटी हुई देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल मोतीनगर थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही मोतीनगर पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य एकत्रित कर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है जिसमें 7 संदिग्ध नजर आ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षा गार्ड होने के बावजूद कॉलोनी में इतनी बड़ी चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here