साइबर फ्रॉड और ब्लैकमेलिंग से परेशान बीटेक छात्र ने की आत्महत्या, मोबाइल जांच में जुटी पुलिस
सागर। जिले के बीना शहर में सागर विश्वविद्यालय के बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अशोकनगर जिले की मुंगावली तहसील के ओढ़ेर गांव निवासी अमन प्रजापति (21) के रूप में हुई है। वह बीना की छोटी बजरिया स्थित लक्ष्मी लॉज में रहकर पढ़ाई कर रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अमन लंबे समय से साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग और कथित लोन एजेंटों की धमकियों से मानसिक तनाव में था।
जानकारी के अनुसार, 2 जुलाई की सुबह अमन बिना बताए लॉज से निकल गया था, जिसके बाद उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी। बाद में वह वापस लॉज पहुंचा। घटना वाली रात उसने लॉज स्टाफ से सुबह जल्दी जगाने के लिए कहा था, क्योंकि उसे प्रयागराज जाने के लिए ट्रेन पकड़नी थी। सुबह जब कर्मचारी उसे जगाने पहुंचे तो कमरे से कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से देखने पर वह फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के बड़े भाई सुनील प्रजापति का आरोप है कि अमन के मोबाइल पर विदेशी, विशेष रूप से पाकिस्तान के नंबरों से लगातार कॉल और वीडियो कॉल आते थे। कथित लोन एजेंट भी 40 से 45 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। परिजनों का दावा है कि अमन के मोबाइल में ऐसे चैट मिले हैं, जिनमें परिवार की तस्वीरों को एआई तकनीक से अश्लील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जा रही थी। उनका कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण अमन मानसिक रूप से टूट गया था।
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जांच के दौरान अमन के मोबाइल की मुख्य सिम टूटी हुई मिली, जबकि दूसरी सिम सक्रिय पाई गई। पुलिस मोबाइल का लॉक खुलवाकर कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
छोटी बजरिया चौकी पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। वहीं परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



