सागर में पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, ढाई लाख का माल बरामद
सागर। जिले के जैसीनगर थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित करीब 2.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बरकुआ निवासी चंद्रवती लोधी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 मई 2026 की सुबह करीब 4 बजे वह घर में ताला लगाकर तेंदूपत्ता तोड़ने गई थीं। लौटने पर घर के पीछे से अज्ञात चोर के प्रवेश कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और 30 हजार रुपये नकद चोरी कर ले जाने का पता चला। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई थी।
शिकायत के आधार पर जैसीनगर थाने में अपराध क्रमांक 128/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और अन्य सुरागों के आधार पर ग्राम बरकुआ महंत निवासी विपिन पिता सुखराम सिंह लोधी (26 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसके मेमोरेंडम के आधार पर चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित लगभग 2.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को 4 जुलाई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी राहतगढ़ योगेंद्र सिंह भदौरिया के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जे.पी. ठाकुर, प्रधान आरक्षक सहयोग कुमार, आरक्षक काजी एवं थाना जैसीनगर के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


