जीआरपी सागर का साइबर जागरूकता अभियान, छात्राओं को बताए ऑनलाइन सुरक्षा के उपाय
सागर। थाना जीआरपी सागर द्वारा साइबर जागरूकता अभियान के तहत शासकीय एम.एल.बी. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, सागर में छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को बताया कि किसी भी अनजान नंबर, लिंक या संदिग्ध संदेश पर क्लिक न करें। अपना ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। साथ ही व्हाट्सएप पर आने वाली संदिग्ध फोटो, फाइल या लिंक को बिना जांचे-परखे न खोलें, क्योंकि इनके माध्यम से साइबर ठगी की घटनाएं हो सकती हैं।
छात्राओं को यह भी बताया गया कि यदि वे किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होती हैं तो तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें तथा नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जीआरपी सागर ने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, जिससे साइबर अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।


