कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सागर में जनसभा को संबोधित करेंगे
सागर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आगामी 13 अगस्त को सागर में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके साथ मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री माननीय कमलनाथ तथा अन्य केंद्रीय एवं प्रांतीय नेतागण सभा को संबोधित करने सागर पहुंचेंगे। उनके प्रस्तावित दौरा कार्यक्रम को लेकर जिला कांग्रेस की ग्रामीण एवं शहर इकाइयों ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी है। इस संबंध में प्रमुख नेताओं व पदाधिकारियों की बैठक में तैयारियों को लेकर विचार विमर्श किया गया। जिसके बाद प्रस्तावित सभास्थल कजलीवन मैदान का मुआयना भी किया गया।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के प्रस्तावित दौरा कार्यक्रम से जिले भर के कांग्रेसियों में खासा उत्साह है। जिसे लेकर जिला कांग्रेस ग्रामीण व शहर के अध्यक्ष द्वय डॉ आनंद अहिरवार तथा राजकुमार पचौरी ने जिले के प्रमुख नेताओं की बैठक आमंत्रित की। इस बैठक में पीसीसी के संगठन प्रभारी अवनीश भार्गव सह प्रभारी अजय दांतरे, मनीष यादव, लोकमन कुशवाहा, विधायक तरवर सिंह लोधी, पूर्व मंत्री प्रभु सिंह ठाकुर, पूर्व सांसद नंदलाल चौधरी, पूर्व जिला शहर अध्यक्ष रेखा चौधरी, वरिष्ठ नेता अशोक श्रीवास्तव, संगठन मंत्री चक्रेश सिंघई व पीपी नायक खास तौर पर मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला ग्रामीण कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ आनंद अहिरवार ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय श्री मलिकार्जुन खरगे जी का सागर आगमन हम सबके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे जी की यह सभा सागर जिले और बुंदेलखंड में कांग्रेस के पक्ष में हवा बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने सभा को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान सभी से किया।
जिला शहर अध्यक्ष राजकुमार पचौरी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सागर की हजारों हजार जनता और पार्टी कार्यकर्ता अपनी बुंदेली परंपरा के अनुसार राष्ट्रीय नेता श्री मलिकार्जुन खरगे व कमलनाथ जी समेत सभी केंद्रीय व प्रांतीय नेताओं का भव्य और ऐतिहासिक स्वागत करेंगे। उनकी यह सभा आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिए कांग्रेसजनों की ताकत बनेगी।