शिक्षकों से मारपीट करने वालो को पुलिस ने गिरफ्तार किया, जेल भेजे गए

0

शासकीय विद्यालय में घुसकर शिक्षकों से मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

सागर। बण्डा थाना पुलिस ने शासकीय विद्यालय में घुसकर उत्पात मचाने, शासकीय कार्य में बाधा डालने और शिक्षकों व बच्चों के साथ मारपीट करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में उप जेल बण्डा भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को शासकीय विद्यालय ग्राम क्वायला में पदस्थ शिक्षिका लक्ष्मी सोनी ने थाना बण्डा में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि विद्यालय में पढ़ाई के दौरान ग्राम क्वायला निवासी नीलेश उर्फ डिल्लू यादव (27) और सोनू दांगी (30) विद्यालय परिसर में पहुंचे और हंगामा करने लगे। शिक्षकों द्वारा समझाने पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की तथा शिक्षकों और विद्यालय में मौजूद बच्चों के साथ मारपीट कर भय का माहौल बना दिया।

शिकायत के आधार पर थाना बण्डा में अपराध क्रमांक 471/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदीप सिंह भदौरिया तथा एसडीओपी बण्डा प्रदीप वाल्मीकि के मार्गदर्शन में थाना बण्डा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में उप जेल बण्डा भेजने के आदेश दिए।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुशवाह, उप निरीक्षक आदिल खान, प्रधान आरक्षक भोलानाथ यादव, प्रधान आरक्षक रमेश, आरक्षक दशरथ एवं आरक्षक प्रहलाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here