सागर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: दो अपहृत मासूम सुरक्षित मिले, डायल-112 ने बचाई युवक की जान, जानलेवा हमले के आरोपी गिरफ्तार

0

सागर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: दो अपहृत मासूम सुरक्षित मिले, डायल-112 ने बचाई युवक की जान, जानलेवा हमले के आरोपी गिरफ्तार

सागर। सागर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए संवेदनशील पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण का प्रभावी उदाहरण पेश किया है। थाना सुरखी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में अपहृत 11 और 12 वर्षीय बालकों को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया। वहीं डायल-112 की तत्परता से रहली क्षेत्र में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाले 39 वर्षीय व्यक्ति की जान बच गई। दूसरी ओर थाना गोपालगंज पुलिस ने अपहरण कर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे दो पांच-पांच हजार रुपये के इनामी आरोपियों और उन्हें शरण देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

दो अपहृत मासूम सुरक्षित परिजनों तक पहुंचे

थाना सुरखी क्षेत्र में 19 जून को समनापुर निवासी एक व्यक्ति ने अपने 12 वर्षीय पुत्र के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लगातार तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने अथक प्रयासों के बाद 7 जुलाई को बालक को सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

इसी तरह 8 जुलाई को सुरखी निवासी एक अन्य व्यक्ति ने अपने 11 वर्षीय पुत्र के लापता होने की सूचना दी। मामला दर्ज होते ही पुलिस सक्रिय हुई और महज 16 घंटे के भीतर बालक को सुरक्षित दस्तयाब कर परिवार को सौंप दिया।

पुलिस टीम की सतर्कता और संवेदनशीलता आई काम

दोनों मामलों में थाना प्रभारी महेंद्र सिंह भदौरिया एवं उपनिरीक्षक सत्यव्रत धाकड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार तलाश कर सफलता हासिल की। कार्रवाई में सउनि परम सिंह, प्रधान आरक्षक नीलम, नौवत कुमार, आरक्षक राजेंद्र, कामता, महिला आरक्षक राधा तथा चालक विकास की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डायल-112 की तत्परता से बची एक और जिंदगी

थाना रहली क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा में डायल-112 और पुलिस कंट्रोल रूम की त्वरित कार्रवाई से एक व्यक्ति की जान बच गई। कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि 39 वर्षीय व्यक्ति आत्महत्या करने जा रहा है। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके के लिए रवाना हुई। ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण पुलिस ने ग्राम चौकीदार को साथ लेकर घटनास्थल तक पहुंच बनाई।

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि व्यक्ति फांसी लगा चुका था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे तत्काल नीचे उतार लिया था। गंभीर हालत में डायल-112 में तैनात आरक्षक गजेंद्र सिंह और पायलट सोहन रैकवार ने बिना समय गंवाए उसे शासकीय अस्पताल रहली पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

जानलेवा हमले के दो आरोपी गिरफ्तार

थाना गोपालगंज पुलिस ने 25 जून को हुए अपहरण और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार केंद्रीय जेल से जमानत पर रिहा हुए बिट्टू उर्फ गजानंद प्रजापति का आरोपियों ने पीछा कर अपहरण किया और सुनसान स्थान पर ले जाकर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था।

तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता

फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी जबलपुर में छिपे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर पांच-पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी अंकित मिश्रा और अतुल मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। इनके साथ आरोपियों को शरण देने वाले कार्तिक दुबे को भी हिरासत में लिया गया।

प्रारंभिक जांच में अंकित मिश्रा के खिलाफ तीन तथा अतुल मिश्रा के खिलाफ पांच आपराधिक मामले दर्ज होना सामने आया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

आमजन से पुलिस की अपील

सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई बच्चा गुम हो जाए या किसी भी प्रकार की आपात स्थिति सामने आए तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। समय पर मिली जानकारी से त्वरित कार्रवाई कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here