गंगा आरती बनी श्रद्धा के साथ स्वच्छता जागरूकता का मंच, श्रद्धालुओं को दिया ‘सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ’ का संदेश
सागर। लाखा बंजारा झील स्थित चकराघाट के विठ्ठल मंदिर घाट पर सोमवार को आयोजित साप्ताहिक गंगा आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर पूजन एवं आरती का धर्मलाभ लिया। निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने बताया कि धार्मिक आयोजन के साथ ही नागरिकों को मानसून के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए लगातार जागरूक किया गया।
नगर निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ‘स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0’ के अंतर्गत 1 से 31 जुलाई तक चलाए जा रहे विशेष अभियान “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” (SABB) की जानकारी दी गई। नागरिकों से घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, जलभराव रोकने, कचरे का उचित प्रबंधन करने तथा डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की गई।
गंगा आरती में बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा उत्साहपूर्वक शामिल हुए। धूप, कपूर और गुगल की सुगंध के बीच भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। झील में तैरते दीपकों का मनमोहक दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा।
नगर निगम के अनुसार गंगा आरती अब केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि स्वच्छता और जनजागरूकता का भी प्रभावी माध्यम बन चुकी है। हर सोमवार बड़ी संख्या में शहरवासी और बाहर से आने वाले पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं, जिससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है। श्रद्धालु झील की सुंदरता, नौकायन और घाटों का आनंद लेने के साथ स्वच्छता का संदेश भी अपने साथ ले जा रहे हैं।
नगर निगम ने बताया कि प्रत्येक सोमवार होने वाली गंगा आरती में शहर का कोई भी श्रद्धालु मुख्य यजमान बन सकता है। इच्छुक नागरिक आरती शुरू होने से 30 मिनट पहले संपर्क कर इस धार्मिक आयोजन में सहभागी बन सकते हैं।


