राम एक शादी करते हैं तो रहीम से भी यही अपेक्षा’, UCC पर बोले सीएम मोहन यादव, 300 बेड जिला अस्पताल का किया लोकार्पण
इंदौर में 300 बिस्तरीय नए जिला चिकित्सालय के लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि एक देश में अलग-अलग कानून नहीं होने चाहिए और सभी नागरिकों के लिए समान व्यवस्था होना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “अगर रामचंद्र एक शादी करता है तो रहीम से भी एक ही शादी की अपेक्षा की जा सकती है। मुस्लिम बहनें भी हमारी बहन हैं। उनके जीवन में भी कष्ट आता है, उन्हें अलग कैसे किया जा सकता है?”
उन्होंने कहा कि जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के “एक देश, एक निशान, एक प्रधान और एक विधान” के विचार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धारा 370 हटाकर आगे बढ़ाया और अब मध्य प्रदेश भी उसी भावना के साथ समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने इस विषय पर जल्दबाजी नहीं की। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई, जिसने प्रदेश के सभी 55 जिलों और 10 संभागों में जाकर लोगों से सुझाव लिए। इन सुझावों के आधार पर अब सरकार विधानसभा में कानून लाने की तैयारी कर रही है।
300 बेड के नए जिला अस्पताल का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने करीब 83.16 करोड़ रुपये की लागत से बने चार मंजिला 300 बिस्तरीय जिला अस्पताल का भी लोकार्पण किया। हालांकि पहले चरण में केवल 34 बेड की प्रसूति (मैटरनिटी) विंग शुरू की गई है। शेष 266 बेड और मेडिसिन, सर्जरी, हड्डी रोग सहित अन्य विभाग बाद में शुरू किए जाएंगे।
यह अस्पताल पश्चिमी इंदौर के लाखों लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। अस्पताल के संचालन के लिए 166 अधिकारी और कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जिनमें विशेषज्ञ डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट, रेडियोग्राफर और लैब टेक्नीशियन शामिल हैं।
हालांकि अधिकांश विभाग शुरू होने तक अन्य गंभीर बीमारियों के मरीजों को फिलहाल एमवाय अस्पताल पर ही निर्भर रहना पड़ेगा। वहीं, नए अस्पताल के शुरू होने से चंदन नगर, द्वारकापुरी, राजेंद्र नगर, सिरपुर सहित पश्चिमी इंदौर और आसपास के दो दर्जन से अधिक गांवों की गर्भवती महिलाओं को तत्काल राहत मिलने की उम्मीद है।


