व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी
सागर/अशोकनगर। जैन मुनिश्री सुधासागर जी महाराज के संबंध में व्हाट्सएप के माध्यम से आपत्तिजनक टिप्पणी प्रसारित करने के मामले में अशोकनगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है, जबकि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
— Gajendra Thakur (@kka_news) July 15, 2026
पुलिस अधीक्षक कार्यालय अशोकनगर द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 346/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299, 352 एवं 353(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन एवं एसडीओपी विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने सागर, दमोह, जबलपुर, नागपुर और ललितपुर सहित विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान मामले के आरोपी राहुल जैन (40 वर्ष) एवं समीर जैन (39 वर्ष), दोनों निवासी रामपुरा वार्ड, सागर, न्यायालय में उपस्थित हुए। इसके बाद पुलिस ने विधिवत दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और पुलिस रिमांड प्राप्त किया।
पुलिस के अनुसार, प्रकरण में रेखा जैन (पूर्व DSP) समेत अन्य आरोपी की तलाश जारी है तथा मामले की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि प्रताप सिंह चौहान, उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुशवाह, उपनिरीक्षक विनोद तिवारी, प्रधान आरक्षक पंकज तिवारी एवं आरक्षक राजू रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


