सागर में फरार हत्या के आरोपी की सोशल मीडिया पोस्ट से सनसनी, एक और हत्या की धमकी से बढ़ी दहशत

सागर में फरार हत्या के आरोपी की सोशल मीडिया पोस्ट से सनसनी, एक और हत्या की धमकी से बढ़ी दहशत

सागर। मच्छरियाई क्षेत्र में 21 मई की रात हुए चर्चित गोलीकांड में मयंक साहू की हत्या के मुख्य आरोपी यश सोनी की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने क्षेत्र में फिर से सनसनी फैला दी है। हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी ने सोशल मीडिया पर कथित तौर पर एक और व्यक्ति की हत्या करने की धमकी दी है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार, मयंक साहू हत्याकांड में आरोपी यश सोनी की मां समेत चार आरोपियों को मोतीनगर पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि मुख्य आरोपी यश सोनी और उसके साथी मनु सोनी तथा ओम अहिरवार अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।

बताया जा रहा है कि हत्याकांड के करीब 12 दिन बाद यश सोनी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें मृतक मयंक के एक मित्र की फोटो लगाकर कथित रूप से लिखा गया कि उसका अगला निशाना वही है। पोस्ट में “एक 302 और” जैसे शब्दों का इस्तेमाल होने की बात सामने आई है, जिसे लेकर क्षेत्र में गैंगवार की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मयंक साहू की हत्या के बाद से ही क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। फरार आरोपी के सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने और कथित तौर पर क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखने की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। इसके चलते पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

मृतक के मित्र ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि यदि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है। वहीं, पुलिस मामले की जांच और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी होने की बात कह रही है।

पुलिस के लिए चुनौती बनी गिरफ्तारी

हत्या के मुख्य आरोपी और उसके साथियों की गिरफ्तारी अब पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। सोशल मीडिया पर सामने आई कथित धमकी के बाद पुलिस पर जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। क्षेत्रीय नागरिकों ने भी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है ताकि किसी संभावित अप्रिय घटना को रोका जा सके।

जिले के नए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया लगातार जिले में अपराध पर अंकुश के लिए प्रयास करते नजर आ रहे हैं पर खासी सफलता हाथ नहीं लग रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here