शाहपुर हत्याकांड: फरार आरोपियों की घेराबंदी जारी, पुलिस ने 2 और आरोपियों को किया गिरफ्तार

0

शाहपुर हत्याकांड: फरार आरोपियों की घेराबंदी जारी, पुलिस ने 2 और आरोपियों को किया गिरफ्तार

सागर जिले के थाना सानौधा अंतर्गत चौकी शाहपुर क्षेत्र में दिनांक 08 मई 2026 को हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड प्रकरण में सागर पुलिस को लगातार सफलता प्राप्त हो रही है। प्रकरण में पुलिस द्वारा प्रभावी विवेचना, सतत दबिश एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आज दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई के साथ ही प्रकरण में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा चुकी है, जबकि शेष फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार प्रयासरत हैं।

उल्लेखनीय है कि दिनांक 09.05.2026 को फरियादी सूरज अहिरवार निवासी शाहपुर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 08.05.2026 की रात्रि लगभग 08:30 बजे शराब बेचने के संदेह को लेकर आरोपियों द्वारा उसका एवं नीरज प्रजापति का रास्ता रोककर गाली-गलौज, जातिसूचक अपमान एवं लाठी-लोहे की रॉड से गंभीर मारपीट की गई थी। घटना में नीरज प्रजापति की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि घायल सूरज अहिरवार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था।

घटना के संबंध में थाना सानौधा में अपराध क्रमांक 128/2026 अंतर्गत हत्या, बलवा, मारपीट एवं एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।

प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सानौधा निरीक्षक भरत सिंह ठाकुर के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था।

इसी क्रम में पूर्व में प्रकरण के मुख्य आरोपी छोटू उर्फ हर्ष लोधी सहित कुल 09 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। पुलिस द्वारा लगातार की जा रही दबिश एवं साक्ष्य संकलन के आधार पर आज दो और फरार आरोपियों —

1. जागेश्वर पिता बहादुर लोधी, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम धावौली थाना बण्डा जिला सागर
2. रोहित पिता लखन लोधी, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम केवलारी थाना पथरिया जिला दमोह

को क्रमश :  ग्राम धबौली एवं दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरदुआ सड़क से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनकी संलिप्तता की पुष्टि होने पर विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से दोनों आरोपियों के जेल वारंट प्राप्त होने पर उन्हें केन्द्रीय जेल सागर भेजा गया।

पुलिस द्वारा प्रकरण में वैज्ञानिक एवं तकनीकी विवेचना, सतत निगरानी, मुखबिर तंत्र की सक्रियता तथा लगातार की जा रही दबिश के फलस्वरूप अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं तथा शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक भरत सिंह ठाकुर, उप निरीक्षक बालाराम छारी, प्रधान आरक्षक विनोद कुमार, नीलेश दुबे, आरक्षक दीपांश कुमार पाठक, प्रवीण, जगदीश, देवेन्द्र, शिवराज, लकी, रामेंद्र सहित थाना सानौधा एवं चौकी शाहपुर पुलिस स्टाफ की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here