अनियमितताओं पर बड़ी कार्रवाई: दमोह की कम्पोजिट शराब दुकान का लाइसेंस निरस्त
निर्धारित स्थान के बजाय दूसरे स्थल पर संचालन, अधिक कीमत पर बिक्री सहित कई गड़बड़ियां मिलीं
दमोह। जिले में शराब दुकानों की अनियमितताओं पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए देशी-अंग्रेजी कम्पोजिट शराब दुकान दमोह-डी का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। यह कार्रवाई जन शिकायतों और निरीक्षण के दौरान सामने आई गंभीर अनियमितताओं के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ शराब दुकानों में अवैध विक्रय किया जा रहा है तथा निर्धारित दरों से अधिक कीमत वसूली जा रही है। शिकायतों के मद्देनजर विभागीय अधिकारियों को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, लेकिन संतोषजनक परिणाम नहीं मिलने पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संबंधित शराब दुकान को जिस स्थान के लिए लाइसेंस जारी किया गया था, उसका संचालन किसी अन्य स्थान पर किया जा रहा था। जिस स्थान पर दुकान संचालित हो रही थी, वहां का कोई वैध लाइसेंस उपलब्ध नहीं था। जांच में यह भी सामने आया कि ग्राहकों से निर्धारित दरों से अधिक मूल्य वसूला जा रहा था।
इसके अलावा दुकान पर लगाया गया साइन बोर्ड भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। आवश्यक अभिलेख और दस्तावेजों की अनुपलब्धता सहित कई अन्य अनियमितताएं भी सामने आईं। इन गंभीर खामियों के आधार पर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की।
प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य आमजन का विश्वास बनाए रखना और कानून का उल्लंघन करने वालों को स्पष्ट संदेश देना है। जिले के सभी अनुज्ञप्तिधारियों को शासन के नियमों एवं निर्देशों का पालन करने की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कभी भी निरीक्षण कर सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
प्रशासन के अनुसार गांव-गांव से अवैध शराब बिक्री और अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं। युवाओं को सुरक्षित एवं सकारात्मक दिशा देने तथा समाजहित को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई है।
“कानून तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी छूट”
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब बिक्री, ओवररेटिंग और लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। भविष्य में भी शिकायत मिलने पर त्वरित जांच कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


