रेलवे स्टेशन पर चाकू लेकर घूम रहे युवक को जीआरपी ने किया गिरफ्तार

रेलवे स्टेशन पर चाकू लेकर घूम रहे युवक को जीआरपी ने किया गिरफ्तार

सागर। रेल पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण एवं यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दमोह रेलवे स्टेशन पर एक युवक को अवैध रूप से धारदार चाकू रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर सुंदर सिंह कनेश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर श्रीमती भावना मरावी के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक रेल कटनी विजय कुमार गौठरिया के मार्गदर्शन में थाना जीआरपी सागर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि दमोह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित आईओडब्ल्यू कार्यालय के पास एक संदिग्ध व्यक्ति चाकू लेकर घूम रहा है।

सूचना मिलते ही जीआरपी टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान हीरू उर्फ हरिशंकर रजक (35 वर्ष) निवासी चैनपुरा वार्ड क्रमांक-1, थाना कोतवाली, जिला दमोह के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे वह बिना किसी वैध अनुमति के अपने पास रखे हुए था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25 (बी) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर चाकू जब्त कर लिया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने के बाद आरोपी को केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी एच.एल. चौधरी, उप निरीक्षक शेख जुम्मन, प्रधान आरक्षक लल्लू पांडे, आरक्षक धीरज यादव एवं आरपीएफ स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here