जमीन विवाद में बुजुर्ग की मौत, शव रखकर सड़क पर उतरे परिजन,सागर-खुरई मार्ग पर लगा जाम

0

जमीन विवाद में बुजुर्ग की मौत, शव रखकर सड़क पर उतरे परिजन,सागर-खुरई मार्ग पर लगा जाम

सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमावनी में जमीन को लेकर हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की शुक्रवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। बुजुर्ग के निधन की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सागर-खुरई मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
मृतक के पुत्र आशीष पटेल का आरोप है कि आनंद कुमार गुप्ता, शिवराज शुक्ला और यशवंत खटीक उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। इसी विवाद के चलते उनके पिता के साथ मारपीट की गई, जिसके कारण उनकी जान चली गई।
पुलिस के अनुसार, 3 जून को ग्राम अमावनी निवासी वर्षा, पत्नी आशीष पटेल (31 वर्ष), ने मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके ससुर नंदराम पटेल, पति आशीष पटेल और देवर यशवंत पटेल के नाम पर गांव में लगभग चार एकड़ कृषि भूमि है।
शिकायत के मुताबिक, उनकी जमीन से सटी हुई भूमि पर सागर निवासी शिवराज शुक्ला और आनंद गुप्ता प्लाटिंग का कार्य कर रहे हैं। नंदराम पटेल ने अपनी जमीन की सुरक्षा के लिए लकड़ी की बल्लियां लगाकर तारबंदी कर रखी थी।
आरोप है कि 3 जून को दोपहर करीब 12:30 बजे, जब आशीष पटेल किसी काम से सड़क की ओर गए हुए थे, तब घर पर वर्षा, नंदराम पटेल, उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। इसी दौरान बाइकों पर सवार होकर 8 से 10 लोग वहां पहुंचे और खेत की सीमा पर लगी लकड़ी की बल्लियां उखाड़कर फेंकने लगे।
नंदराम पटेल ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर नंदराम पटेल के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बल्ली, डंडों और तलवार से हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर विवाद को शांत कराया। इसके बाद घायल नंदराम पटेल को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मामले की शिकायत मिलने पर मोतीनगर थाना पुलिस ने विकास उर्फ यशवंत खटीक, ध्रुव अहिरवार, दिलीप अहिरवार, हुकुमचंद पटेल, विनोद पटेल, दयाराम पटेल, अंकित कोरी, शाहरुख राईन सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
उपचार के दौरान शुक्रवार को नंदराम पटेल की मौत हो जाने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के परिजन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि घायल व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी है। ऐसे में प्रकरण में हत्या की धारा जोड़कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here