सशर्त राहत मिली, फिर बीच सड़क दिखाई दबंगई,नई वारदात के बाद आरोपी दोबारा जिलाबदर

0

सशर्त राहत मिली, फिर बीच सड़क दिखाई दबंगई, नई वारदात के बाद आरोपी दोबारा जिलाबदर

सागर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक ऐसे आरोपी की दबंगई उस पर भारी पड़ गई, जिसे जिलाबदर आदेश में सशर्त राहत दी गई थी। बीच सड़क एक युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। नया अपराध दर्ज होने के चलते उसे मिली राहत भी समाप्त कर दी गई और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस उसे उत्तर प्रदेश की सीमा के बाहर छोड़ आई।
जानकारी के अनुसार, जवाहरगंज वार्ड निवासी सुशील साहू ने पुलिस को बताया कि 27 मई की दोपहर वह अपनी एक्टिवा से खेमचंद अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान तीनबत्ती क्षेत्र में बनारसी पान दुकान के पास रूपेश उर्फ रिप्पी साहू ने उनका रास्ता रोक लिया। बताया गया है कि दोनों के बीच पुराना विवाद था, जिसे लेकर आरोपी ने सुशील के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया।
सुशील के विरोध जताने पर मामला और बढ़ गया। आरोप है कि रूपेश ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और थप्पड़ मार दिए। इतना ही नहीं, उसने धमकाते हुए कहा कि वह पहले से जिलाबदर है और कोई उसका कुछ नहीं कर सकता।
शर्त टूटते ही खत्म हुई राहत
सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि जिला कलेक्टर द्वारा फरवरी माह में रूपेश उर्फ रिप्पी साहू के खिलाफ जिलाबदर का आदेश जारी किया गया था। बाद में संभागायुक्त (कमिश्नर) ने कुछ शर्तों के साथ उसे राहत प्रदान की थी। शर्त यह थी कि शहर में रहते हुए वह किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होगा।
हाल ही में सामने आई मारपीट की घटना को इस शर्त का उल्लंघन माना गया। इसके बाद पुलिस ने रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे जिले की सीमा से बाहर करते हुए उत्तर प्रदेश बॉर्डर तक छोड़ दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here