बिलहरा में मिले युवक के शव का मामला : शराब के नशे में आए दिन विवाद से परेशान पिता ने ही की थी पुत्र की हत्या
सागर पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों के त्वरित निराकरण एवं आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चौकी बिलहरा थाना सुरखी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
घटना का विवरण
दिनांक 04 जून 2026 को फरियादी जमना पिता नन्ना अहिरवार, उम्र 55 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 01, खिरका मोहल्ला, बिलहरा द्वारा चौकी बिलहरा में सूचना दी गई कि उसका बड़ा पुत्र सोनू अहिरवार, उम्र 25 वर्ष घर के आंगन में बनी ढलान पर मृत अवस्था में पड़ा है तथा उसके सिर एवं माथे से खून निकल रहा है।
सूचना पर पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ की गई। मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि होने पर थाना सुरखी में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस जांच एवं खुलासा
पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशानुसार तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अंधे कत्ल का शीघ्र खुलासा करने हेतु विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण, तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों का संकलन तथा परिजनों एवं आसपास के लोगों से गहन पूछताछ की गई।
जांच के दौरान प्राप्त महत्वपूर्ण साक्ष्यों एवं परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर मृतक के पिता जमना अहिरवार पर संदेह हुआ। पुलिस द्वारा उससे विस्तृत पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसका पुत्र सोनू अहिरवार आए दिन शराब के नशे में घर आता था तथा परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करता था। पुत्र की इन हरकतों से वह लंबे समय से परेशान था। इसी बात से क्षुब्ध होकर उसने दिनांक 03 एवं 04 जून 2026 की दरमियानी रात्रि में कपड़े धोने की मोंगरी (लकड़ी के डंडे) से वार कर अपने पुत्र की हत्या कर दी।
आरोपी के स्वीकारोक्ति कथन एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।
सराहनीय भूमिका
उक्त अंधे कत्ल का त्वरित खुलासा करने में निम्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही—
– प्रशिक्षुआईपीएस श्री दीपांशु
– उप निरीक्षक सत्यव्रत धाकड़, चौकी प्रभारी बिलहरा
– प्रधान आरक्षक महेन्द्र प्रभाकर
– आरक्षक कर्मवीर गुर्जर
– आरक्षक देवेश कुशवाहा
– आरक्षक अंकित हरदहा, थाना गोपालगंज
सागर पुलिस गंभीर अपराधों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर कार्य करते हुए अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है तथा आमजन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।


