कार्ड बंटे, हल्दी-मेहंदी की रस्में हुईं, लेकिन शादी से पहले मुकर गई दुल्हन; परिवार ने थाने में दर्ज कराई ठगी की शिकायत
सागर। जिस घर में कुछ दिन बाद शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अचानक मायूसी छा गई। शादी की तमाम तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। घर सजाया जा चुका था, टेंट लग गया था और रिश्तेदारों के स्वागत की व्यवस्था भी लगभग अंतिम चरण में थी। 22 जून को विवाह होना था, जबकि बुधवार को रिसेप्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। लेकिन शादी से कुछ दिन पहले आई एक खबर ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।
कोतवाली थाना क्षेत्र से सामने आए इस मामले में दुल्हन के शादी से पहले पीछे हटने की बात सामने आई है। परिवार के मुताबिक, शादी के निमंत्रण पत्र छपवाकर बांटे जा चुके थे, लेकिन अंतिम समय में युवती ने विवाह करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दूल्हा और उसका परिवार बारात निकालने की बजाय कोतवाली थाने पहुंचकर कथित ठगी की शिकायत दर्ज कराने पहुंचा।
पीड़ित युवक का कहना है कि कैंट थाना इलाके की एक महिला एजेंट ने उसे एक युवती की तस्वीर दिखाते हुए उसका नाम ‘प्रियंका’ बताया था। बातचीत आगे बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच शादी तय हो गई। हालांकि बाद में एजेंट ने उसी युवती का नाम बदलकर ‘पूजा’ बताया, जिससे परिवार को संदेह होने लगा।
युवक के अनुसार, विवाह तय कराने के नाम पर एजेंट ने पहले 10 हजार रुपए जमा कराए और इसकी रसीद भी दी। साथ ही यह भरोसा दिलाया गया कि शादी वाले दिन युवती को छतरपुर से सागर लाया जाएगा। एजेंट की बातों पर विश्वास करते हुए परिवार ने विवाह की सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं।
घर में हल्दी और मेहंदी सहित पारंपरिक रस्में भी संपन्न हो चुकी थीं। रिसेप्शन के लिए मैरिज गार्डन की बुकिंग तक कर दी गई थी। लेकिन शादी से महज तीन से चार दिन पहले एजेंट ने परिवार को बताया कि प्रियंका उर्फ पूजा अब शादी नहीं करना चाहती और वह सागर नहीं आएगी।
इस सूचना के बाद परिवार के लोग स्तब्ध रह गए। पूरे मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


