जमीन विवाद में घायल किसान की मौत, गुस्साए परिजनों ने शव कृषि मंडी चौराहे पर रखकर किया चक्काजाम
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमावनी गांव में बुधवार दोपहर जमीन के विवाद को लेकर 8-10 लोगों ने एक बुजुर्ग किसान नंदराम पटेल पर बेरहमी से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मौत की खबर मिलते ही गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक का शव कृषि मंडी चौराहे पर रखकर चक्काजाम कर दिया है, जिससे मौके पर भारी तनाव की स्थिति बनी हुई है और वाहनों की कतारें लग गई हैं।
पीड़ित परिवार के पास करीब चार एकड़ खेती की जमीन है, जिसके पास सागर के शिवराज शुक्ला और आनंद गुप्ता प्लॉटिंग का काम कर रहे हैं। नंदराम पटेल ने अपनी जमीन की सुरक्षा के लिए जो तार की फेंसिंग कर रखी थी, उसे उखाड़ने से रोकने पर आरोपियों ने उन पर हमला बोला था। इस हमले में हुकमचंद, अंकित कोरी और शाहरूख सहित अन्य आरोपियों ने तलवार, डंडे और बल्ले से बुजुर्ग को पीटा था।
अब किसान की मौत के बाद परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया है, जिसकी सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं।


