बैठक से गायब थे दो अधिकारी, कलेक्टर प्रतिभा पाल ने थमाया कारण बताओ नोटिस
सागर जिले में आयोजित जिला स्तरीय पेयजल समीक्षा बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने दो अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद खुरई और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत रहली को कारण बताओ नोटिस जारी कर 3 दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार 27 मई को कलेक्टर प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पेयजल समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक की सूचना संबंधित अधिकारियों को पूर्व में नियमानुसार भेज दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद दोनों अधिकारी बिना पूर्व सूचना के बैठक में उपस्थित नहीं हुए।
जारी सूचना पत्र में कहा गया है कि बिना सूचना बैठक से अनुपस्थित रहना शासकीय दायित्वों के प्रति उदासीनता और कार्यों में लापरवाही को दर्शाता है। यह आचरण मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-3 का उल्लंघन माना गया है।
साथ ही यह मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के विपरीत होने के कारण दंडनीय कृत्य की श्रेणी में आता है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने या जवाब प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।


