लालच में बेटे ने ही साफ कर दिए घर के जेवर और नकदी, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

लालच में बेटे ने ही साफ कर दिए घर के जेवर और नकदी, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

7.57 लाख रुपये का चोरी गया माल बरामद, आरोपी शुभम रैकवार गिरफ्तार

देवरी। रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज चोरी की वारदात का देवरी पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मामले में चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि घर से लाखों रुपये के जेवर और नगदी चोरी करने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि परिवार का ही बेटा निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 7 लाख 57 हजार 500 रुपये मूल्य का चोरी गया मशरूका बरामद कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा एवं एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी हरिराम मानकर के नेतृत्व में देवरी पुलिस ने इस चोरी का सफल खुलासा किया।

जानकारी के अनुसार बाजार वार्ड निवासी एक महिला ने थाना देवरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 मई 2026 को वह अपने पति परसोत्तम रैकवार के इलाज के लिए सागर गई थीं। घर में ताला लगाकर उसकी चाबी बाथरूम में रखे ब्रश के डिब्बे में रखी गई थी, जिसकी जानकारी परिवार के लोगों को थी।

अगले दिन महिला को सूचना मिली कि उनके घर के दरवाजे खुले हैं और सामान बिखरा पड़ा है। मौके पर पहुंचकर देखा तो घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा एक लाख रुपये नकद गायब थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर शुभम रैकवार पर संदेह जताया। पूछताछ में वह लगातार बयान बदलता रहा, लेकिन पुलिस की सघन विवेचना के सामने आखिरकार उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी ने बताया कि उसे घर में रखे जेवर और नकदी की पूरी जानकारी थी। इसी लालच में उसने परिवार के विश्वास का फायदा उठाकर चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बरामद किए:

  • एक सोने का हार
  • एक सोने की पांचाली
  • चार सोने की चूड़ियां
  • दो जोड़ी सोने की झुमकी
  • तीन सोने की अंगूठियां
  • एक चांदी की करधनी
  • एक जोड़ी बड़ी चांदी की पायल
  • तीन जोड़ी चांदी की पायल
  • तीन जोड़ी बिछड़ी
  • एक लाख रुपये नकद

बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 7 लाख 57 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने संपूर्ण मशरूका जब्त कर लिया है।

आरोपी शुभम रैकवार (27) निवासी बाजार वार्ड, देवरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

देवरी पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल चोरी गया माल बरामद हुआ, बल्कि यह भी साबित हुआ कि अपराधी कितना भी करीबी क्यों न हो, कानून की पकड़ से बच नहीं सकता। मामले के सफल खुलासे में थाना प्रभारी हरिराम मानकर एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here